रांची । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 31 जुलाई से एक अगस्त तक दो दिवसीय दौरे पर रांची, देवघर और धनबाद में रहेंगी। इस दौरान उनकी यात्रा को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।अधिकारियों को हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को चाक-चौबंद करने का निर्देश दिया गया। राष्ट्रपति देवघर में एम्स के प्रथम दीक्षा समारोह और धनबाद में आइआइटी के दीक्षा समारोह में शिरकत करेंगी।सावन माह को ध्यान में रखते हुए कांवरिया पथ को बाधित किए बिना देवघर एयरपोर्ट से एम्स तक उनके लिए विशेष मार्ग तय किया गया है।मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के आगमन से प्रस्थान तक की व्यवस्थाओं की जवाबदेही संबंधित विभागों को सौंपी। नोडल पदाधिकारी के रूप में वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल और आइजी अखिलेश कुमार झा व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।पब्लिक एड्रेस सिस्टम की जिम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दी गई। रांची, देवघर और धनबाद के उपायुक्तों ने प्रोटोकाल के अनुरूप स्वागत, विदाई और कार्यक्रमों का ब्लू प्रिंट प्रस्तुत किया।इससे पहले 10-11 जून को राष्ट्रपति का दौरा अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गया था, लेकिन तब दी गई तैयारियों की गाइडलाइंस इस बार भी लागू रहेंगी।समीक्षा बैठक में मंच व्यवस्था, नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति, आगवानी-विदाई में शामिल प्रमुख व्यक्तियों की सूची, रेड कारपेट, राष्ट्रीय गान, कारकेड, आउट राइडर्स, फोटोग्राफरों के लिए खुली जीप, बैगेज वैन, छाता और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


