Ranchi : झारखंड हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है. बुधवार को जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने चीफ जस्टिस पद की शपथ ली. राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई.कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश, महाधिवक्ता राजीव रंजन, हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता, स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष , काउंसिल के अध्यक्ष सदस्य एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष, महासचिव, सदस्य समेत अपर महाधिवक्ता और महाधिवक्ता कार्यालय के सभी अधिवक्ता समेत हाईकोर्ट के कई अधिवक्ता मौजूद रहे. बता दें कि जस्टिस तरलोक सिंह चौहान इससे पहले हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे.
जस्टिस तरलोक का प्रारंभिक जीवन और शिक्षा
हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का जन्म 9 जनवरी 1964 को शिमला (हिमाचल प्रदेश) जिले की रोहड़ू तहसील में हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बिशप कॉटन स्कूल, शिमला से पूरी की. इसके बाद गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, संजौली से बी.ए. (ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त की और पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से कानून में स्नातक (एलएलबी) की पढ़ाई पूरी की.


