रांची…राजधानी रांची में बेखौफ बदमाश लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. जानकारी के अनुसार, शहर के पुंदाग ओपी क्षेत्र के न्यू पुंदाग सेल सिटी रोड में मां साहेब कांप्लेक्स स्थित श्रेष्ठ ज्वेलर्स सहित तीन दुकानों में चोरी हो गयी. चोर इन दुकानों से नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात उठा ले गये. जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें श्रेष्ठ ज्वेलर्स, परिधान क्रिएसंस और वेराईटी दुकान शामिल हैं.
श्रेष्ठ ज्वेलर्स की संचालिका ने दर्ज कराया मामला
इस मामले में पटेल नगर हटिया निवासी श्रेष्ठ ज्वेलर्स की संचालिका कुमारी पुष्पांजलि ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में उन्होंने कहा है कि 18 जुलाई की रात साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर वह घर चली आयी. अगले दिन 19 जुलाई की सुबह आठ बजे खुशी पूजा दुकान के मालिक संतोष गुप्ता ने फोन कर बताया कि आपकी दुकान का शटर काटा हुआ है.
नकद, कपड़े और गहने लेकर फरार
पुष्पांजलि ने बताया कि सूचना मिलने पर वह परिवार के साथ दुकान पर पहुंची, तो देखा कि दुकान का शटर गैस कटर से काटा हुआ है. अंदर जाने पर देखा कि दुकान के अंदर तिजोरी को भी गैस कटर से काटने का प्रयास किया गया. लेकिन तिजोरी कटा नहीं. दुकान में गैस कटर मशीन, औजार और गैस सिलिंडर पड़ा हुआ था.
चोर गल्ले से 2.10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात उठा ले गये. साथ ही दुकान के बगल में स्थित डेजी वर्मा के परिधान क्रिएसंस और वेराइटी दुकान के गल्ले से 15 हजार नकद, कंप्यूटर के 15 हजार के उपकरण और 10 हजार रुपये के कपड़े ले गये.


