नामकुम: राजधानी रांची के नामकुम स्थित हाइटेंशन क्वाटर के समीप पावर ग्रिड में सोमवार, 14 जुलाई की रात दो दर्जन से अधिक हथियारबंद अपराधियों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया. देर रात करीब 10 बजे अपराधी ग्रिड में घुसे और कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मियों व होम गार्ड के जवानों का मोबाइल लूटने के बाद जेई के कार्यालय में बंधक बनाया. इसके बाद दो से ढाई घंटे तक अपराधी ग्रिड के कंट्रोल रूम व सेंट्रल स्टोर में घुसकर चोरी करते रहे.
अपराधियों ने कंट्रोल रूम स्थित जेई कार्यालय व स्टोर सहित कुल 8 तालों को काटा. मौके पर उपस्थित कर्मियों के अनुसार चोरों ने तांबा के सामानों की चोरी की है. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय , नामकुम थाना के पदाधिकारी व तकनीकी शाखा की टीम मौके पर पहुंची एवं आवश्यक जांच किया. मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों ने बताया कि ग्रिड से मेन रोड रांची, टाटीसिलवे, खेलगांव सहित दर्जनों जगहों पर आपूर्ति की जाती है. गनीमत है कि अपराधियों ने ग्रिड में छेड़छाड़ नहीं किया वरना आधी रांची में अंधेरा छा जाता.
चोर ग्रिड के उत्तर दिशा में टूटे हुए दीवार से अंदर घुसे और घटना को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से निकल गये. उपस्थित कर्मियों ने बताया कि ग्रिड के मुख्य गेट पर होम गार्ड का जवान शिवनाथ कुमार एवं अंशेलम खाखा और टावर पर अनिल सिंह मुंडा , कंट्रोल रूम के गेट पर धन्नू कुमार राय एवं अवनीश कुमार ड्यूटी कर रहे थे. कंट्रोल रूम में अयोध्या प्रसाद, विनय करमाली, कोसलेस कुमार व लल्लू भाई पटेल मौजूद थे. हल्की बारिश हो रही थी. इसी दौरान सभी कंट्रोल रूम के गेट पर पहुंचे व पहले दोनों जवानों को उसके बाद चारों कर्मियों को अपने कब्जे में लेकर सभी का मोबाइल लूट लियाजेई के कार्यालय का ताला काटकर सभी को बंधक बना लिया. सभी के हाथ में कट्टा, लोहे के रॉड व अन्य हथियार थे. उसके बाद सभी ने कंट्रोल रूम व स्टोर का ताला काटकर चोरी की. रात 12:30 घटना को अंजाम देने के बाद सभी को मुक्त किया और जाते समय धमकी दी की हल्ला करोगे तो बुरा अंजाम करेंगे. दो अपराधी हथियार के साथ मौजूद रहें. मोबाइल देने के बाद दोनों कंट्रोल रूम की खिड़की की शीशा तोड़कर वहां से फरार हो गये. घटना के बाद से उपस्थित कर्मी व जवान डरे हुए हैं.


