खूंटी..खूंटी जिले से बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां मजदूरों को उनकी मेहनत के बदले नकली नोट देने का मामला इन दिनों खूब चर्चा में है. तोरपा प्रखंड क्षेत्र के ऐरमेरे ग्राम प्रधान बेर्नाड आइंड ने वन विभाग के गार्ड राहुल महतो पर नकली नोट देने का आरोप लगाया है. ग्राम प्रधान का कहना है कि उन्हें यह नोट मजदूरों का भुगतान करने के लिए वन विभाग के गार्ड के द्वारा रविवार को दिए गए थे.
क्या है पूरा मामला?
इस संबंध ग्राम प्रधान बेर्नाड आइंड का कहना है कि एरमेरे गांव में वन विभाग के द्वारा 25,000 पौधारोपण किया जा रहा है. पौधारोपण के लिए गांव के मजदूरों ने गढ्ढा खोदा. मजदूरों को मजदूरी देने के लिए रविवार की शाम गार्ड राहुल महतो ने नकली नोटों का बंडल उन्हें थमा दिया और कहा इसे मजदूरों में बांट देना. मजदूरों ने जब इन नोटों को स्थानीय दुकानों में खर्च करने की कोशिश की, तो उन्हें यह पता चला कि ये नोट नकली है. मजदूरों ने इसे एक बहुत बड़ा मजाक और अपमानजनक व्यवहार बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने मेहनत से काम किया, लेकिन बदले में नकली नोट देकर उनके साथ धोखा किया गया.


