वाराणसी …वाराणसी के संकठा मंदिर के पीछे स्थित प्राचीन आत्माविरेश्वर मंदिर में शनिवार रात आरती के दौरान अचानक आग लग गई। हादसे में 9 लोग झुलस गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था और बाबा बर्फानी के रूप में रुई से भव्य शृंगार किया गया था। रात में आरती के दौरान जब पुजारी मुनमुन गुरु दीप थाल लेकर पूजा कर रहे थे, तभी थाली से दीया रुई पर गिर गया और पलभर में आग फैल गई। उस वक्त मंदिर में करीब 30 लोग मौजूद थे। आग लगते ही भगदड़ मच गई और अफरातफरी के माहौल में कई लोग झुलस गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत नीचे गंगा से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही फायर सर्विस को सूचना दी गई, जिसके बाद दो फायर बाइक मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। झुलसे श्रद्धालुओं को चार एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों में शामिल हैं प्रिंस पांडेय (17), सानिध्या मिश्रा (9), बैकुंठ नाथ मिश्रा (21), कृष्णा (5), देव नारायण पांडेय (13), शिवांग मिश्रा (28), सत्यम पांडेय (38), ऋषि कुमार मिश्रा और वीरेश मिश्रा (15)। घटना की जानकारी मिलते ही आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, एडीसीपी काशी सरवणन टी. और समाजवादी पार्टी के नेता किशन दीक्षित अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ घायलों को परिजनों के अनुरोध पर निजी अस्पतालों में भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं, और इलाज का खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। एडीसीपी सरवणन टी. ने बताया कि पुलिस ने समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


