सरहदों पर रहकर हमें सुरक्षित रखने वाले जवानों के चेहरे में खुशी लाना हम सभी का दायित्व:निशा
रामगढ़। सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज सेवा में तत्पर समाजसेवी संस्था मारवाड़ी महिला समिति रामगढ़ शाखा ने शनिवार को छावनी में स्थित सिख रेजीमेंट सेंटर के मुख्यालय में जाकर सेना के करीब 100 जवानों एवं अधिकारियों को रक्षाबंधन के अवसर पर समिति की बहनों ने राखी रुपी रक्षा सूत्र बांधा। कार्यक्रम के अंतर्गत समिति की सदस्यों ने मुख्यालय पहुंचकर सेना के जवानों तथा अधिकारियों की कलाइयों पर राखी बांधकर उन्हें मिठाइयां खिलाई। समिति के अध्यक्ष निशा जैन ने कर्नल दिलीप सिंह को रक्षा सूत्र बांधा एवं अरुणा जैन ने समिति का अंग वस्त्र प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। सेना के अधिकारियों ने समिति की बहनों को यह आश्वास्त किया की रामगढ़ शाखा के किसी भी समस्या अथवा संकट के समय हम तथा हमारे जवान उनकी सहायता के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए समिति की अध्यक्ष निशा जैन ने बताया कि हमारे सैनिक भाई अपनी बहनों से दूर रहकर अनेकों कष्ट सहकर हमारी सरहदों की सुरक्षा करते हुए हमें सुरक्षित रखते हैं। उनके ऐसे त्याग को देखते हुए हम बहनों ने यह निश्चय किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें अपनी बहनों की कमी महसूस न हो इस कारण हम सभी बहनें अपने सैनिक भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने प्रत्येक वर्ष सैनिक भाइयों के पास जाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक भाइयों के चेहरे पर मुस्कान लाने तथा हम उनकी दीर्घायु होने का कामना आज रक्षाबंधन के अवसर पर हम ईश्वर से करती है। समिति द्वारा उपरोक्त कार्यक्रम प्रति वर्ष किया जाता है तथा सरहदों पर सैनिकों के लिए राखी भी भेजी जाती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुणा जैन, सिम्पल बेरलिया, प्रिया अग्रवाल, नीलम जैन, नम्रता जैन, मीनू मोदी, पूनम गर्ग, रेनू मित्तल आदि शामिल थी।


