हजारीबाग: हजारीबाग जिले में निबंधित 14 हजार से अधिक ऑटो चालकों के लिए एक अच्छी खबर है. अब आपको अपने ऑटो के आवश्यक कागजातों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे. मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देश बाद परिवहन अधिकारियों ने कैंप शुरू किया है. इसमें ऑटो चालकों को बुलाकर उनके गाड़ी के कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का पॉल्यूशन, इंश्योरेंस, फिटनेस एवं परमिट को ऑन द स्पॉट दुरुस्त किया जा रहा है.जिले में 14 हजार से अधिक आटो निबंधित (रजिस्टर्ड) हैं. इसमें से अधिकांश चालकों के पास तीन पहिया लाइसेंस के अलावा गाड़ी के आवश्यक कागजात या तो फेल है या फिर संचालकों ने बनवाया ही नहीं है. ऑटो चालकों के मनमाने व्यवहार से परिवहन विभाग को दो मुख्य परेशानी हो रही है. पहला तो यातायात नियमों का पालन नहीं हो रहा है. प्रतिदिन बेतरतीब तरीके से सड़कों पर गाड़ियां दौड़ रही है. इससे शहरी क्षेत्र में आम लोगों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ रहा है. दूसरा विभाग को गाड़ी के जरूरी कागजात जारी करने पर मिलने वाली राजस्व की क्षति हो रही है.डीटीओ ने कहा कि जिले भर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कैंप के रूप में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. डीटीओ कार्यालय परिसर में जब्त कर रखी एक-एक ऑटो के जरूरी सभी कागजात दुरुस्त किया जा रहा है. 26 जुलाई, शनिवार तक पांच से अधिक ऑटो का पेपर दुरुस्त किया गया है. आरटीए सचिव ने बताया कि 25 जुलाई को हजारीबाग जिले से कैंप की शुरुआत हुई है. आगे उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के बाकी छह जिले चतरा, कोडरमा, रामगढ़, धनबाद, गिरिडीह एवं बोकारो में कैंप शुरू कर आटो चालक एवं संचालकों को लाभ पहुंचाया जायेगा.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


