रामगढ़। शहर के मजदूर कैसे सड़कों पर रात गुजारते हैं और उन्हें बारिश के इस मौसम में कितना कष्ट झेलना पड़ रहा है, इसका अंदाजा लगा पाना बेहद मुश्किल है। रात के अंधेरे में मसीहा बनकर निकले रामगढ़ डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज इस समस्या से भी रूबरू हुए। वे अपने कार्यालय में तो आम लोगों को समस्या का समाधान करने का आश्वासन देते ही हैं। लेकिन रात के अंधेरे में उन्होंने उन लोगों की समस्याओं को सुना जो कभी समाहरणालय की सीढ़ियां नहीं चढ़ पाते। बुधवार को डीसी ने बताया कि वह अचानक जब रात में निकले तो सड़कों के किनारे सो रहे दर्जनों मजदूर उन्हें दिखाई दिए। उन्होंने गाड़ी रोक कर उन लोगों से बातचीत की। उनकी समस्या दूर करने के लिए उन्होंने आश्वासन भी दिया।
शहर की विधि व्यवस्था पर भी दौड़ाई नजर
डीसी फ़ैज अक अहमद मुमताज ने निरीक्षण के दौरान शहर की विधि व्यवस्था पर भी नजर दौड़ाई। शहर के थाना चौक, सुभाष चौक, बस स्टैंड, नेहरू रोड, चट्टी बाजार सहित अन्य क्षेत्र में विधि व्यवस्था आदि का जायजा लिया।


