रजरप्पा(रामगढ़) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चितरपुर में भव्य जन शताब्दी पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय बुनियादी विद्यालय से हुई, जहां उपस्थित सभी लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर हाथों में डंडा लेकर उत्साहपूर्वक पथ संचलन में भाग लिया।
बौद्धिक प्रतियोगिता, एकल गीत और अमृत वचन कार्यक्रम का आयोजन
संचलन चितरपुर बाजार टांड़ तक चला और स्थानीय लोगों ने इसे उत्साहपूर्वक देखा। पथ संचलन के बाद विद्यालय परिसर में बौद्धिक प्रतियोगिता, एकल गीत और अमृत वचन कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिहार प्रांत के प्रचारक ज्ञान ब्रह्म पाठक ने संघ के आगामी वर्ष में किए जाने वाले पांच प्रमुख प्रणों की जानकारी दी। इनमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और क्षेत्रीय भाषा व व्यवहार शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में संघ की प्रार्थना सभा हुई और उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी बढ़ाने में मदद करते हैं। मौके पर जिला प्रचारक सत्यम कुमार, जिला सह कार्यवाहक अमित कुमार मिश्र, उमेश प्रसाद, अमरदीप पटवा, शम्मी राज, सुकांत पंडा, प्रयाग साव, पवन कुमार और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


