हजारीबाग। शराब तस्कर तस्करी के नए नए उपाय शराब माफिया कर रहा है। लेकिन उत्पाद विभाग हजारीबाग ने शुक्रवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बरही के तिलैया रोड पर एक डाक पार्सल कंटेनर को जब्त किया। उक्त कंटेनर पर डाक विभाग का लोगो लगा था, जिससे विभाग को धोखा देने का प्रयास किया गया था। जांच के दौरान कंटेनर से हरियाणा और पंजाब के लिए चिह्नित फॉर सेल इन हरियाणा पंजाब लिखी गई 400 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
चालक हिरासत में, पूछताछ जारी
इस मामले में वाहन चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह कंटेनर उसे रांची टोल टैक्स पर सौंपा गया था और उसे इसे पटना ले जाने के लिए कहा गया था। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने एक मोंटी नामक व्यक्ति का नाम उजागर किया है, जो इस पूरे तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। सहायक उत्पाद आयुक्त शिवकुमार साहू ने मीडिया को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। जब वाहन को रोका गया तो चालक ने कंटेनर में मारुति गाड़ियों के पार्ट्स होने की बात कही, परंतु जब तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में शराब की पेटियां मिली। श्री साहू ने बताया कि इस कार्रवाई से करीब 80 लाख रुपये की क्षति तस्करों को पहुंचाई गई है, जिसमें 40 लाख की शराब और 40 लाख का वाहन शामिल है।
कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप
इस कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप मच गया है। वहीं, पकड़े गए ड्राइवर के बयान को आधार मानें तो यह आशंका भी जताई जा रही है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में शराब खपाने की तैयारी की जा रही थी। उत्पाद विभाग अब मोंटी और उसके नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


