घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जीओ के चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार में प्राप्ति ज्वेलर्स के मालिक अरूण नंदी से विगत सोमवार की रात करीब 8:30 बजे हुए डेढ़ किलो सोने के जेवरात लूट कांड के दो आरोपी पश्चिम बंगाल के जामबनी थाना क्षेत्र के पड़िहाटी के पास जामबनी पुलिस ने धर दबोचा। एक आरोपी भागने में सफल रहा। जामबनी पुलिस के मुताबिक लूटे गये लगभग दो करोड़ के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पकड़ा गया एक अपराधी जमशेदपुर के बागबेड़ा का निरंजन गौड़ और दूसरा अपराधी बिहार के औरंगाबाद के रफीगंज का मोहम्मद रफीक है। चाकुलिया के थाना प्रभारी संतोष कुमार भी पुलिस बल के साथ बाइक से अपराधियों का पीछा करते हुए वहां पहुंच गए थे। दोनों आरोपियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए चाकुलिया लाया है। जानकारी के मुताबिक तीनों अपराधी जमशेदपुर से एक बाइक पर सवार होकर धालभूमगढ़ पहुंचे। यहां पर होटल में खाने-पीने के बाद चाकुलिया पहुंचे और प्राति ज्वेलर्स के मालिक अरुण नंदी से उनके आवासीय परिसर में लूट की घटना को अंजाम दिया। अरूण नंदी बिरसा चौक पर स्थित अपनी दुकान बंद कर जेवरातों और रूपयों का एक थैला में लेकर स्कूटी से मिस्त्री पाड़ा स्थित आवासीय परिसर में पहुंचे। तभी एक अपराधी ने उनकी गर्दन पर चाकू सटा दिया और एक ने कनपटी पर पिस्टल सटा कर जेवरात और रूपयों से भरा बैग लूट लिया था। इसके बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले थे। फिलहाल दोनों आरोपियों से चाकुलिया थाना में पूछताछ हो रही है। पुलिस इस बात का भी पता लग रही है कि इस कांड में किसी स्थानीय व्यक्ति का हाथ है अथवा नहीं ? वहीं फरार तीसरे अपराधी की भी तलाश में पुलिस जुटी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


