चरही : हजारीबाग में सोमवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र के 22 नंबर रेलवे पटरी के पास 14 जुलाई 2025 को देर रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे में व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान जिले के इंद्रा पंचायत के दाहूदाग निवासी 45 वर्षीय डीबरु उरांव के रुप में की गयी है
रेलवे पटरी के पास मिला शव
परिजनों के काफी ढूंढ़ने के बाद पता चला कि 22 नंबर रेलवे पटरी के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है. जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मृत युवक डिबरु उरांव है. इसके बाद परिजन शव लेकर घर वापस आ गये. इधर, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आरपीएफ ने ली मामले की जानकारी
मामले की जानकारी मिलने पर इंद्रा के पूर्व मुखिया दशरथ महतो, चरही के पंसस निरंजन महतो, समाजसेवी दिलेश्वर महतो, युवा समाजसेवी घनु आदित्य, आदि मृतक के घर पहुंचे. इन्होंने परिजनों को सांत्वना दी. घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे. आरपीएफ ने मामले की जानकारी ली.


