रजरप्पा। प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने परिवार के साथ पहुंचे 17 वर्षीय युवक की शनिवार की सुबह भैरवी नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक की पहचान पटना जिले के एतवारपुर निवासी शशि कुमार पिता कृष्णा प्रसाद के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब शशि कुमार मंदिर परिसर स्थित भैरवी नदी में नहाने गया था। परिजनों के अनुसार पूजा से पूर्व वह अन्य श्रद्धालुओं के साथ स्नान कर रहा था, इसी दौरान वह नदी की तेज धार में बह गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, परंतु सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। प्रशासन द्वारा तुरंत गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन शुरू कर दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सभी लोग मंदिर परिसर में डेरा डाले हुए हैं। वहीं, पुलिस श्रद्धालुओं से अपील कर रही है कि नदी के तेज बहाव वाले हिस्से में स्नान न करें। थाना प्रभारी ने बताया कि आवश्यक सतर्कता बरतने के लिए नदी किनारे नहा रहे अन्य श्रद्धालुओं को हटाया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


