रामगढ़। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में हर कोई शामिल होने नेमरा पहुंचा। लेकिन घंटों लगी रही जाम ने लोगों को काफी परेशान किया। बरलंगा से लेकर नेमरा तक लगी लंबी जाम में कई वीआईपी भी फंसे रहे। सदन के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अलावा झारखंड के सभी मंत्री और नेता इस जाम में उलझे नजर आए। कहीं कोई सुरक्षा के बीच पैदल चलता हुआ दिखाई दिया, तो कहीं गाड़ियों में बैठे नेता परेशान होते रहे। जाम की वजह से गाड़ियां सरकने का नाम नहीं ले रही थी। कई ऐसे स्थान भी थे, जहां सड़क कच्ची थी, वहां जाम की भयावह स्थिति बन गई थी।
बाइक से पहुंचे सुदेश महतो और अर्जुन मुंडा
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा बाइक से नेमरा तक पहुंचे। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद जब वह लौटने लगे तो उनकी पूरी टीम जाम में फंस गई। अंत में एक स्थानीय ग्रामीण का बाइक लेकर वे दोनों नेता वहां से 7 किलोमीटर तक चले। इस दौरान सुदेश महतो ने बाइक चलाई और अर्जुन मुंडा पीछे बैठे नजर आए।
गायब रहा नेटवर्क, मोबाइल बना खिलौना
नेमरा से बरलंगा तक मोबाइल नेटवर्क की बहुत बुरी स्थिति रही। ना तो किसी का फोन लग रहा था और ना ही इंटरनेट चल रहा था। मोबाइल खिलौने के रूप में इस्तेमाल होता दिखाई दिया। कुछ लोग वीडियो गेम खेल रहे थे, तो काफी लोग फोन लगाने का प्रयास कर रहे।हर आदमी इससे भी परेशान रहा।


