Patna : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंच गए हैं। स्टेट हैंगर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से बेली रोड होते हुए मिलर हाई स्कूल मैदान तक उनका भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
रोड शो में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नितिन नवीन रथ पर सवार होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह में भाजपा के कई नेताओं ने संबोधन दिया। नेताओं ने कहा कि नितिन नवीन का नेतृत्व पार्टी के लिए नया उत्साह लेकर आया है और यह दिन भाजपा के लिए ऐतिहासिक है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।हालांकि, इस भव्य आयोजन के कारण पटना के कई इलाकों, खासकर एयरपोर्ट और बेली रोड पर जाम की स्थिति भी बनी, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला


