शत प्रतिशत लाभुको को मिले आवास, जल और विद्युत योजना का लाभ : ब्रजनंदन प्रसाद
रामगढ़। केंद्र सरकार आवास योजना, जल जीवन मिशन और विद्युत आपूर्ति योजना में धरातल पर लोगों को लाभ पहुंचाना चाह रही है। रामगढ़ जिले के सभी लाभुकों को इसका लाभ मिले यह बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शनिवार को भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ब्रजनंदन प्रसाद ने रामगढ़ जिले का दौरा किया। डीसी फ़ैज अक अहमद मुमताज, डीडीसी आशीष अग्रवाल, डीएफओ नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की। बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर चौधरी के द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन), धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं आदी कर्म योगी अभियान के तहत रामगढ़ जिले में हो रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।
समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त सचिव ने दिए निर्देश
पीएम जनमन योजना के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संयुक्त सचिव ने अनुसूचित जनजाति एवं आदिम जनजाति के लाभुकों को मिल रहे आवास योजना, जल जीवन मिशन, विद्युत आपूर्ति आदि की जानकारी ली। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लाभुकों को योजना से लाभान्वित करने का निर्देश दिया। इस दौरान संयुक्त सचिव के द्वारा लाभुकों को सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वन पट्टा के लाभ से संबंधित जानकारी ली गई। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लाभुकों को सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वन पट्टा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
‘आदी कर्म योगी’ अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी
बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी ने संयुक्त सचिव को धरती आबा जनजातीय जन भागीदारी अभियान के तहत 15 जून से 15 जुलाई तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत किए गए कार्यों की जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार द्वारा हाल ही में अनुसूचित जनजाति एवं आदिम जनजाति के लाभुकों के लिए शुरू किए गए ‘आदी कर्म योगी’ अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं गांव स्तर पर मास्टर ट्रेनरों का चयन किया जाना है। उन्हें प्रशिक्षण देकर गांव में अनुसूचित जनजाति एवं आदिम जनजाति के लाभुकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाना है।
बैठक में ये थे उपस्थित
बैठक के दौरान गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज सहित अन्य उपस्थित थे।


