मधुपुर। थाना क्षेत्र में स्थित एचडीएफसी बैंक, राजबाड़ी रोड पर दिनांक 22 सितम्बर 2025 को दोपहर लगभग 12:45 बजे हुई सनसनीखेज बैंक डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अज्ञात हथियारबंद अपराधियों द्वारा की गई इस डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अब तक 11 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन, मोबाइल, एटीएम कार्ड और पांच लाख पचास हजार रुपये नकदी बरामद किए गए हैं। घटना के तुरंत बाद देवघर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर/सारठ/मधुपुर)और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), देवघर के नेतृत्व में चार अलग-अलग छापामारी दलों का गठन किया गया। इन टीमों ने लगातार कई दिनों तक सघन छापामारी अभियान चलाया। पुलिस ने झारखंड के साथ-साथ बिहार और अन्य राज्यों में भी तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। इस समन्वित प्रयास का परिणाम यह हुआ कि आखिरकार बैंक डकैती कांड में शामिल मुख्य अपराधियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस की रणनीति और तकनीकी जांच
पुलिस ने इस डकैती कांड के उद्भेदन में अत्याधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग किया। बैंक और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और इंटरसेप्टेड कॉल डिटेल्स के आधार पर अपराधियों के ठिकानों तक पुलिस पहुँची। कई संदिग्धों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए, जिन्हें क्रमशः गिरफ्तार किया गया।
गिरोह का नेटवर्क और आपराधिक इतिहास
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधकर्मी बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले हैं और एक संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं। ये लोग पहले भी लूट, चोरी और हथियारबंदी के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। पुलिस को संदेह है कि गिरोह ने अन्य बैंकों और एटीएम में भी रेकी की थी। इसके मद्देनजर देवघर पुलिस अब इस गिरोह के राज्यव्यापी नेटवर्क की जांच कर रही है।
गिरफ्तार अपराधकर्मी
1. विकास कुमार (26 वर्ष), पिता अमरेन्द्र राय, सा० भैरोपुर, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली (बिहार)
2. सन्नी सिंह उर्फ सूरज कुमार सिंह, पिता सुशील सिंह, सा.अदलपुर, थाना सदर, जिला वैशाली (बिहार)
3. गौतम कुमार (27 वर्ष), पिता संजय राय, सा. भैरोपुर, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली (बिहार)
4. अन्नू सिंह उर्फ राहुल सिंह, पिता प्रमोद सिंह, सा० एसडीओ रोड, थाना नगर हाजीपुर, जिला वैशाली (बिहार)
5. आकाश कुमार (30 वर्ष), पिता रमेश चन्द्र प्रसाद, सा गुदरी बाजार, पोखरा मोहल्ला, थाना नगर, जिला वैशाली (बिहार)
6. सोनू कुमार (20 वर्ष), पिता कृष्णा सिंह, सा. अदलपुर, थाना सदर, जिला वैशाली (बिहार)
7. इन्द्रजीत उर्फ कुन्दन सिंह (29 वर्ष), पिता तालेश्वर सिंह, देसरी, थाना देसरी, जिला वैशाली (बिहार)
8. रोहित कुमार (25 वर्ष), पिता संजय राय, भैरोपुर, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली (बिहार)
9. आनंद राज उर्फ टुकटुक (19 वर्ष), पिता शिवदत्त कौटिल्य, सा अदलपुर, थाना सदर हाजीपुर, जिला वैशाली (बिहार)
10. रितेश कुमार उर्फ छोटू (19 वर्ष), पिता प्रेम कुमार सिंह, सा० अदलपुर, थाना सदर हाजीपुर, जिला वैशाली (बिहार)
11. विशाल कुमार सिंह (29 वर्ष), पिता रामनरेश सिंह, सालाल बलवा कुआरी, थाना सदर हाजीपुर, जिला वैशाली (बिहार)
बरामदगी हथियार
1. एक देशी पिस्टल
2. दो जिंदा कारतूस (7.65 मिमी)
3. एक नकाब
4. दो एटीएम कार्ड
5. पांच लाख पचास हजार रुपये नकद
6. एक स्कोडा चारपहिया वाहन
7. दस मोबाइल फोन


