Patna : सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना में जे.पी. गंगा पथ पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी के किनारे हो रहे लैंडस्केपिंग, पौधारोपण और पार्क विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के समय अधिकारियों ने सीएम को परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। सीएम ने विकसित किए जा रहे पार्क को देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।सीएम ने कहा कि गंगा नदी के किनारे होने के कारण पार्क के विकास में लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पार्क बनने से क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और लोग अपने परिवार के साथ यहां समय बिता सकेंगे। सीएम ने सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि पौधारोपण से यह इलाका और अधिक सुंदर और हरा-भरा दिखाई देगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जे.पी. गंगा पथ लोगों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा।निरीक्षण के दौरान सीएम ने सड़क सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जे.पी. गंगा पथ पर लोगों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इस मौके पर राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सीएम के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


