संघ का उदय श्रमिकों के हितों की रक्षा का ऐतिहासिक पहल:संतोष महतो
रामगढ़। श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ ने जिले में अपनी सक्रियता की घोषणा की है। संघ का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी श्रमिकों को संगठित कर उनके लिए न्यायसंगत कार्यस्थल, उचित वेतन और सम्मान सुनिश्चित करना है।
संघ के प्रमुख नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले अंतर्गत चितरपुर प्रखंड के सभी प्रमुख औद्योगिक संस्थानों जैसे विशाल स्पंज लिमिटेड, कुंज बिहारी फूड प्रोसेसर प्राइवेट लिमिटेड, आई डी एल एक्सप्लोसिव लिमिटेड और सीसीएल रजरप्पा को अपने पंजीकरण और सक्रियता के बारे में सूचित कर दिया है।
संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों को उनके श्रम का पूरा सम्मान और उचित प्रतिफल मिलना चाहिए
संतोष महतो ने कहा कि इन संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों को उनके श्रम का पूरा सम्मान और उचित प्रतिफल मिलना चाहिए। भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ (बीकेएमएस) का उद्देश्य सभी श्रमिकों को उनके काम के अनुसार उचित वेतन दिलाना, जिसमें महंगाई भत्ता और अन्य वैधानिक लाभ शामिल हों।श्रमिकों के लिए एक सुरक्षित और स्वस्थ कार्यस्थल हो।भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), ग्रेच्युटी और पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हर श्रमिक तक पहुँचे यह संघ की प्राथमिकता है।
स्वस्थ संवाद से ही औद्योगिक शांति और उत्पादकता बढ़ सकती है
श्रमिकों और प्रबंधन के बीच स्वस्थ संवाद से ही औद्योगिक शांति और उत्पादकता बढ़ सकती है। हम रचनात्मक बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने पर जोर देंगे। संघ का स्पष्ट मत है कि यदि श्रमिकों की जायज मांगों को अनदेखा किया गया, तो हम उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। हमारा लक्ष्य रामगढ़ के हर श्रमिक को सशक्त बनाना है ताकि वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकें।
भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ की सदस्यता ग्रहण करने की अपील
हम जिले के सभी श्रमिकों से आह्वान करते हैं कि वे इस मुहिम में शामिल हों और भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ की सदस्यता ग्रहण कर अपनी और अपने साथियों की स्थिति को बेहतर बनाने में सहयोग करें। प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के केंद्रीय समिति सदस्य संतोष महतो, सुधीर अकेला,पवन महतो,सूरज मुंडा,पिंटू कुमार, जयंती देवी, सोनी देवी, प्रदीप कुमार,अनवर अंसारी, तपन कुमार, पंकज पांडेय, विजय पासवान, उदय महतो, राजू महतो मुख्य रूप से उपस्थित थे।


