दिव्यांगता मुक्त भारत की परिकल्पना ही संगठन का उद्देश्य: मनमोहन सिंह लांबा
रामगढ़। लघु उद्योग भारती ने सोमवार को 12 वर्षीय दिव्यांग अंजलि कुमारी को ट्राइसाइकिल देकर, उसके जीवन में खुशहाली ला दी। चाय की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन करने वाले अनिल कुमार और अनिता देवी की यह बेटी है। पिता अनिल कुमार ने लघु उद्योग भारती के प्रति आभार जताते हुए बताया अंजली जन्म से ही दिव्यांग है वह बोल भी नहीं सकती, तथा चलने फिरने में असमर्थ है। अब इस ट्राइसाइकिल से उसे बहुत मदद मिल जाएगी। इस दिव्यांग बालिका की जानकारी मिलने पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश राजगढ़िया व रोहित पंसारी ने संज्ञान लेते हुए उस के आवास पर पहुंच कर दिव्यांग बालिका को ट्राइसाइकिल दी। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष सरदार मनमोहन सिंह लांबा ने कहा कि इस दिव्यांग बालिका के विषम जीवन को सुगम बनाने का छोटा सा प्रयास है, यह ट्राइसाइकिल। दिव्यांगता मुक्त भारत की परिकल्पना ही हमारे संगठन का उद्देश्य है। लघु उद्योग भारती के जिला सचिव वरुण बगड़िया ने कहा हमारा संगठन दिव्यांगों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है, कोई भी दिव्यांग जिसे ट्राइसाइकिल की जरूरत हो वो होटल शिवम इन में आकर प्राप्त कर सकता है। मौके पर निरंजन महतो, अनिल कुमार, अनिता देवी, लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी मौजूद थे।


