रजरप्पा। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) अपने सीएसआर कार्यक्रम के तहत परियोजना प्रभावित परिवारों और आसपास के ग्रामीण युवाओं को बड़ा अवसर दे रहा है। सीसीएल ने सत्यानंद नारायण सिन्हा शैक्षणिक ट्रस्ट के साथ एमओयू कर 150 युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण देकर एचवीएसी (हिटिंग, भेंटीलेशन एंड एयर कंडीशनिंग) तकनीशियन तैयार करने की योजना शुरू की है।
यह कोर्स 600 घंटे (100 दिन) का होगा
यह कोर्स 600 घंटे (100 दिन) का होगा। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सीसीएल यूनिफॉर्म उपलब्ध करायी जायेगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 70 प्रतिशत सफल प्रतिभागियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जायेगा।
डाइकिन एयर कंडीशनिंग प्रा. लि. में छह माह का ऑन-जॉब प्रशिक्षण मिलेगा
साथ ही डाइकिन एयर कंडीशनिंग प्रा. लि. में छह माह का ऑन-जॉब प्रशिक्षण मिलेगा। इस दौरान युवाओं को सात हजार रुपया मासिक स्टाइपेन्ड भी प्रदान किया जायेगा। एचवीएसी तकनीशियन की आज के दौर में भारी मांग है। बड़े उद्योग, आईटी कंपनियां, शॉपिंग मॉल्स, होटल, अस्पताल से लेकर घरेलू क्षेत्र तक इनकी जरूरत होती है। ऐसे में यह प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ रोजगार का अवसर भी देगा। पात्रता : न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है। आईटीआई (इलेक्ट्रिकल/इंस्ट्रूमेंटेशन/वेल्डर) अभ्यर्थियों को वरीयता मिलेगी। आयु सीमा 18 से 28 वर्ष तय की गयी है। अभ्यर्थी चिकित्सकीय रूप से योग्य होने चाहिए। सीएसआर नोडल अधिकारी आशीष झा ने कहा कि सीसीएल सदैव परियोजना प्रभावित परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं से अपील की गयी है कि समय रहते नामांकन कर इस अवसर का लाभ उठाएं. अधिक जानकारी के लिए बिभूतिनंदन प्रसाद (9430347315) और हिर्मिला हस्सा (9117966738) से संपर्क किया जा सकता है।


