Patna : बिहार में महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए परिवहन विभाग ने नई पहल की है। नए साल से नालंदा जिले में दो नई पिंक बस सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। इस सेवा का उद्घाटन राज्य के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार करेंगे। यह सेवा खासतौर पर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की रोजमर्रा की यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए शुरू की जा रही है।
पहले चरण में पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया जैसे जिलों में पिंक बसें शुरू की गई थीं। इन बसों को यात्रियों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। दूसरे चरण में राज्य के अन्य जिलों में 110 से अधिक बसें चलाने की योजना बनाई गई है। महिला ड्राइवरों की भर्ती और प्रशिक्षण इस योजना का अहम हिस्सा है। चयनित महिला ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे तकनीकी रूप से दक्ष हों और आपात स्थिति में सही निर्णय ले सकें।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन बसों में महिला कंडक्टर, जीपीएस ट्रैकिंग, पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरा और इमरजेंसी अलार्म जैसी सुविधाएं हैं। हर बस में 22 आरामदायक सीटें और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। बसें सीएनजी से संचालित होंगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिंक बस सेवा महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध कराएगी और उन्हें सार्वजनिक परिवहन में स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता भी देगी।यह पहल न केवल यात्रा सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि बिहार में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को भी मजबूत करेगी। आने वाले समय में पिंक बस सेवा पूरे राज्य में विस्तार पाएगी और महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित, आधुनिक और भरोसेमंद विकल्प के रूप में स्थापित करेगी।


