रामगढ़। डीसी फ़ैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर शनिवार को 40 विद्यालयों में एक साथ सीपीआर और फर्स्ट एड प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर विद्यार्थियों को आकस्मिक स्वास्थ्य परिस्थितियों में सीपीआर देने एवं फर्स्ट एड उपयोग को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें प्रैक्टिकल कराकर भी इमरजेंसी में मरीज को दी जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आकस्मिक स्वास्थ्य परिस्थितियों जैसे कार्डियक अरेस्ट, चोकिंग, ब्लीडिंग, बर्न, फ्रैक्चर, वज्रपात, डूबना, शॉक, सांप का काटना एवं दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में कार्य करने को लेकर प्रशिक्षण दिया गया एवं सभी की दुविधाओं को दूर किया गया।
अगले माह से सीपीआर एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण दिया जाएगा
गौरतलब हो कि अगले एक माह में अभियान मोड में जिले के पंचायतों, विद्यालयों, कारखानों, खदानों आदि में सीपीआर एवं फर्स्ट एड देने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज के द्वारा सभी जिले वासियों से अपने नजदीकी प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर सीपीआर देने एवं फर्स्ट एड उपचार करने संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की गई है।


