रामगढ़। दीपोत्सव को लेकर रामगढ़ जिले में अलग ही उत्साह दिख रहा है। माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना के साथ-साथ मां काली की पूजा के लिए भी रामगढ़ जिला तैयार हो गया है। जिले के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अलावा शहर को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया है। सबसे बेहतर तरीके से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका दरबार को सजाया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षक विद्युत सज्जा देखने को मिलेगी।
सुभाष चौक से लेकर बाजार तक में हुई सजावट
रामगढ़ शहर के सुभाष चौक से लेकर शिवाजी रोड, लोहार टोला, चट्टी बाजार, बाजार टांड़ में बेहतर सजावट की गई है। इसके अलावा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी आकर्षक विद्युत सजा हुई है। समाहरणालय परिसर को भी बेहतर तरीके से सजाया गया है। दीपावली के इस त्यौहार को हर्षोल्लास से बनाने के लिए जिला प्रशासन ने की गाइडलाइन जारी की है। शहर वासियों ने भी अपने घरों को आकर्षक तरीके से सजाया है।
काली पूजा को लेकर बनाई गई मूर्ति
रामगढ़ जिले में काली पूजा भी बेहद धूमधाम से मनाई जाती है। अमावस्या के दिन मां काली की आराधना से भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। जिले के दर्जनों स्थानों पर मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई है। इस दौरान मां काली को बलि देकर लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं।
रजरप्पा में काली पूजा का होगा विशेष अनुष्ठान
झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका मंदिर में काली पूजा को लेकर विशेष पूजन किया जाएगा। मध्य रात्रि में होने वाली पूजा को लेकर कई तांत्रिक भी यहां पहुंच चुके हैं। मंदिर के पुजारी के द्वारा तांत्रिकों के रहने की व्यवस्था की गई है।


