झारखंड और रामगढ़ का बढ़ाया मान, जिले में खुशी की लहर
रजरप्पा। श्रीनगर के वजिर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता में चितरपुर प्रखंड क्षेत्र के कृष्ण बल्लभ प्लस टू उच्च विद्यालय लारी के छात्र प्रिंस नायक ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता है। छात्र ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से रामगढ़ जिला और झारखंड का नाम रोशन किया है। प्रिंस की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि रामगढ़ की धरती खेल प्रतिभाओं से भरी हुई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने प्रिंस नायक को बधाई देते हुए कहा कि खेलो झारखंड प्रतियोगिता से जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ के खिलाड़ी राज्य की पहचान बन रहे हैं, और यह जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेकर खेल के साथ-साथ शिक्षा में संतुलन बनाये रखने की अपील की। जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो रहा है। पढ़ाई के साथ खेल में भी सफलता हासिल करना बच्चों की मेहनत और लगन को दर्शाता है। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि खेलो झारखंड अब राज्य भर के बच्चों के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। छात्र के इस उपलब्धि पर एपीओ कुमार राज, इप्शिता तिर्की, बीईईओ सुलोचना कुमारी, बीपीओ इंशा अल्लाह, प्रशिक्षक गौरीशंकर दांगी, प्राचार्य राजदीप कुमार, शारीरिक शिक्षा शिक्षक रौशन करमाली, रामगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सीडी सिंह, मिथलेश कुमार रविदास, सोनू करमाली, राजकिशोर कुमार, सतीश कुमार, प्रियंका कुमारी, मदन कुमार, विनोद कुमार, शेखर कुमार, दीपक कुमार सिंह, बलविंदर सिंह सहित कई ने बधाई दी है।


