रजरप्पा | प्रिंस वर्मा
रजरप्पा कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्र पूरी तरह से छठ पूजा के भक्ति में भक्तिमय हो उठा है। रविवार देर शाम छठव्रतियों ने खरना किया। इस दौरान छठव्रतियों ने भगवान सूर्य को स्मरण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रोटी खीर का प्रसाद ग्रहण किया। तत्पश्चात प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। देर शाम तक छठव्रतियों के घर जा जा कर प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा। सोमवार को छठव्रतियों द्वारा विभिन्न छठ घाटों में जाकर देर शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्ध्य दिया जाएगा। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। घाटों को आकर्षक ढंग से विद्युत सज्जा किया गया है। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा छठव्रतियों के बीच दूध, फल, फूल और प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
इन घाटों में दी जाएगी भगवान सूर्य को अर्ध्य
चितरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सोमवार की शाम भगवान सूर्य को पहला अर्ध्य दिया जाएगा। इस दौरान चितरपुर राजाबांध, सत्ती पोखर, नावा पोखर, मुरुबन्दा छठ तालाब, बडकीपोना छठ तालाब, कोची नाला, कुंदरूकलां छठ तालाब, सुकरीगढ़ा छठ तालाब, रजरप्पा स्थित दामोदर भैरवी नदी तट, बहमनधारा तट, सरैया का दामोदर नदी तट आदि जगहों पर अर्ध्य दी जाएगी।


