नवरात्र के प्रथम दिन सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और रामगढ़ की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी ने रांची स्थित आवास में की मां दुर्गा की आराधना
रजरप्पा | प्रिंस वर्मा
मां दुर्गे की आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्र सोमवार से प्रारंभ हो गया। नवरात्र को लेकर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी अपनी धर्मपत्नी रामगढ़ की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी के साथ रांची स्थित आवास में कलश स्थापना कर विशेष पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान करने में जुटे रहे। नवरात्र के प्रथम दिन सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी एवं पूर्व विधायक सुनीता चौधरी ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की आराधना की और मां भगवती से रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण झारखंड वासियों के सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की। इस दौरान आचार्य गोपाल बाबा द्वारा पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराकर मां दुर्गा की आरती कराई गई। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और पूर्व विधायक सुनीता चौधरी ने तमाम लोगों को अपनी ओर से नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। मौके पर ईशान चौधरी, पीयूष चौधरी, सोनल प्रिया, विनय कुमार, अनिता सिन्हा सहित कई मौजूद थे।


