एसवीएम रजरप्पा में सतर्कता अभियान के तहत हुआ निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
रजरप्पा। सीसीएल द्वारा 18 अगस्त से 16 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता अभियान एवं 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में विद्यालय के छात्र – छात्राओं के बीच निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के लिए “अवैध खनन” और “स्वच्छता” विषय निर्धारित किये गये थे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ भाग लेते हुए अपने विचारों और चित्रों के माध्यम से समाजोपयोगी संदेश दिया। बच्चों ने जहां अवैध खनन को राष्ट्र और पर्यावरण के लिए हानिकारक बताया, वहीं स्वच्छता को स्वस्थ और समृद्ध समाज की आधारशिला के रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से शामिल सीएसआर नोडल अधिकारी आशीष झा ने कहा कि अवैध खनन जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को अपने जीवन में उतारने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की नींव है। प्राचार्य उमेश प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा भी देती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आचार्या डॉ. गायत्री कुमारी, मिथिलेश कुमार खन्ना, देव कुमार, शशि कांत और शम्मी राज का विशेष योगदान रहा।


