Patna : बिहार में अथमलगोला प्रखंड की कृषि अधिकारी अर्यमा दीप्ति, जो शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थीं, वह बख्तियारपुर में सुरक्षित पाई गई हैं। हालांकि, इस दौरान वह कहां थीं और किन परिस्थितियों में रही, इसका विवरण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
अर्यमा दीप्ति ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर (बीटीएम) के पद पर कार्यरत हैं। वह कंकड़बाग के विजय नगर की निवासी हैं और उनकी शादी 23 दिन पहले पटना के चार्टर्ड अकाउंटेंट शुभम कुमार से हुई थी। शुक्रवार दोपहर अर्यमा दीप्ति अथमलगोला कार्यालय से ऑटो से बख्तियारपुर के लिए निकली थीं, लेकिन अपने आवास नहीं पहुंची। उनके पति शुभम कुमार ने शनिवार को बख्तियारपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
परिवार के अनुसार, शुक्रवार शाम चार बजे अर्यमा दीप्ति ने अपने भाई से फोन पर बात की थी और कहा था कि मोबाइल की बैटरी खत्म हो रही है। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और देर रात तक वह घर नहीं पहुंचीं। बख्तियारपुर में मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर लापता होने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


