Patna : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और राजद नेता खेसारी लाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। PM मोदी की तारीफ वाले अपने वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि वह आज भी PM मोदी का सम्मान करते हैं, लेकिन बिहार के विकास को लेकर उनकी गंभीर आपत्तियां हैं।
खेसारी लाल यादव ने कहा, “मैं आज भी PM मोदी जी का प्रशंसक हूं, उन्होंने कभी बुरा नहीं किया। लेकिन सवाल ये है कि उनका विज़न बिहार तक क्यों नहीं पहुंचा? केंद्र में 15 साल और बिहार में 20 साल से सरकार है, फिर भी लोगों को न रोजगार मिला, न अच्छे विश्वविद्यालय, न अस्पताल।”
उन्होंने आगे कहा, “हमें सिर्फ ट्रेन दी जाती है, फैक्ट्रियां क्यों नहीं दी जातीं? आपने गुजरात को इतना विकसित बना दिया, तो बिहार को भी कम से कम उसका आधा तो बनाइए।”‘जंगलराज’ पर होने वाली बयानबाज़ी पर खेसारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जब PM मोदी ‘जंगलराज’ की बात करते हैं, तो दुख होता है। हमारा जंगलराज उतना बड़ा नहीं था, जितना बताया गया। आज भी लोग बिहार में फैक्ट्री लगाने से डरते हैं क्योंकि नेता खुद कहते हैं कि यहां जंगलराज है। अगर आपकी सरकार 20 साल से सत्ता में है और फिर भी जंगलराज है, तो आपने आखिर बदला क्या?”


