अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम, खिलाड़ियों ने दिलाए कुल 12 पदक, प्रिंस नायक ने जीता स्वर्ण
रजरप्पा
राज्य स्तरीय खेलो झारखंड एसजीएफआई स्कूल गेम्स वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 10 अक्टूबर तक रांची स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले की 16 सदस्यीय वुशू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में उपविजेता (रनर-अप) का खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 वर्ग में रामगढ़ के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए। प्रिंस नायक ने स्वर्ण पदक, जयदीप कुमार, सरवन कुमार, आदित्य कुमार और प्रीति कुमारी ने रजत पदक, जबकि विपुल कुमार और रानी कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। वहीं अंडर-19 वर्ग में अमन कुमार, सौरभ कुमार, राजकुमार और सुजल केवट ने रजत पदक तथा दिव्यांशु राज ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। इस उपलब्धि पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ विधायक ममता देवी, जिला शिक्षा अधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, एडीपीओ नानिली रंजन, एपीओ कुमार राज, बीइइओ सुलोचना कुमारी, बीपीओ इंशा अल्लाह, जिला ओलंपिक संघ के महासचिव सी.डी. सिंह और वुशू एसोसिएशन के सचिव एवं नेशनल जज गौरी शंकर महतो, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, पीयूष चौधरी, साहिल अनवर, केबी हाई स्कूल के प्राचार्य राजदीप कुमार, गौतम सिंह बम, प्रो सुरेंद्र कुमार, शारीरिक शिक्षक सोनू करमाली, जितेंद्र करमाली सहित कई ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। सभी ने कहा कि यह सफलता रामगढ़ की खेल प्रतिभाओं के उज्जवल भविष्य का संकेत है और आने वाले समय में खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।


