घाटशिला … घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर आज पुलिस मुख्यालय, रांची में एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड के अभियान पुलिस महानिरीक्षक और राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी ने की। इसमें 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर सुरक्षा रणनीति पर चर्चा हुई।बैठक में यह तय किया गया कि सीमावर्ती जिलों जैसे झारग्राम, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) और मयूरभंज (ओडिशा) में संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें अपराधियों, नक्सलियों, असामाजिक तत्वों, और अवैध शराब, मादक पदार्थों, हथियारों और धन के अंतर्राज्यीय आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने की योजना शामिल है। इसके तहत मिरर चेक पोस्ट को सक्रिय किया जाएगा और अंतर्राज्यीय वांछित अपराधियों, वारंटियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। तीनों राज्यों के पुलिस विभाग आपस में सूचनाएं साझा करेंगे और संयुक्त अभियान चलाएंगे।बैठक में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के डीआईजी, एसपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह अहम पहल मानी जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


