बिहार ...बिहार के नौबतपुर के मोतीपुर गांव के रहने वाले एक प्रेमी जोड़े की उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान राजू कुमार (21) और मुन्नी कुमारी (21) के रूप में हुई है। दोनों पिछले दो साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। करीब पांच महीने पहले दोनों घर से भागकर सूरत (गुजरात) चले गए थे। राजू के भाई मुकेश कुमार के अनुसार, मुन्नी चार महीने की गर्भवती थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुन्नी के भाई ने ही उसे झांसे में लिया। उसने फोन पर कहा कि “अब परिवार तुम्हारी शादी को मान गया है, घर आ जाओ”। इस पर मुन्नी अपने प्रेमी राजू के साथ विंध्याचल (मिर्जापुर) पहुंची, जहां से दोनों ने कार बुक की और सोनभद्र की ओर रवाना हुए। रास्ते में बरकछा मोड़ के पास एक और शख्स को गाड़ी में बैठाया गया। कुछ ही दूरी पर हाथीनाला क्षेत्र में दोनों को गोली मार दी गई।
शव जंगल में फेंके, कंकाल में तब्दील
24 सितंबर को सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र के जंगल में एक युवती का शव मिला, जिसमें सीने पर गोली का निशान था। उसी दिन दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जंगल में एक कंकाल मिला, जिसके पास से रीढ़ की हड्डी, जबड़ा, बाल और कपड़ों के टुकड़े मिले। पुलिस को शक है कि राजू का शव तिरपाल में लपेटकर जंगल में फेंका गया, जिसे जंगली जानवरों ने नोच डाला।
जांच और गिरफ्तारी
पुलिस ने सोशल मीडिया और मोबाइल नंबर के जरिए शवों की पहचान की।
मुख्य आरोपी के रूप में लड़की के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
हत्या में शामिल दो अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध से जुड़ा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को जांच में शामिल कर लिया गया है और जल्द ही पूरा हत्याकांड उजागर किए जाने की बात कही गई है।


