रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में हुआ अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
रजरप्पा। रजरप्पा कोयलांचल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कक्षा चतुर्थ से द्वादश तक के भैया-बहनों के बीच अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से मौजूद विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसका प्रचार-प्रसार करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। निबंध लेखन से विद्यार्थियों में भाषा के प्रति प्रेम के साथ-साथ अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है। प्रतियोगिता विभिन्न विषयों पर चार वर्गों-शिशु वर्ग, बाल वर्ग, किशोर वर्ग एवं तरुण वर्ग में निर्धारित शब्द सीमा में निबंध लेखन की प्रतियोगिता संपन्न हुई। जिसमे शिशु वर्ग-महाकुंभ का आंखों देखा या कानों सुना रोमांचक वर्णन, बाल वर्ग-महाकुंभ का पौराणिक व सांस्कृतिक महत्व, किशोर वर्ग-महाकुंभ के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन एवं तरुण वर्ग- महाकुंभ राष्ट्रीय एकता का प्रतीक पर्व विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस प्रतियोगिता में चयनित निबंध को प्रांतीय स्तर फिर अखिल भारतीय स्तर पर सम्मिलित कराया जाएगा।अखिल भारतीय स्तर पर चयनित निबंध को विद्या भारती, अखिल भारतीय शिक्षा संस्कृति संस्थान के द्वारा पुरस्कृत किया जाता है। इस निबंध प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्या डॉ गायत्री कुमारी,मिथिलेश कुमार खन्ना,राकेश कुमार सहाय,बच्चूलाल तिवारी,सेखर कुमार,इंद्रजीत सिंह,गौतम कुमार,उषा कुमारी,श्वेता पंडा आदि की प्रमुख भूमिका रही। मौके पर विद्यालय के तमाम शिक्षकों के अलावे बच्चे मौजूद थे।


