रजरप्पा। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, रजरप्पा क्षेत्र कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) 2025-26 के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने तथा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने को लेकर एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण प्रदान करने जा रही है। जिसमें 50 युवकों/युवतियों को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाएगा साथ ही उन्हें वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने में सहायता किया जाएगा। यह जानकारी रजरप्पा क्षेत्र के सीएसआर अधिकारी आशीष झा ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना में लाभार्थी सीसीएल रजरप्पा कमांड क्षेत्र का निवासी होना चाहिए। साथ ही लाभार्थी एससी/एसटी, ओबीसी (गैर-क्रीमी परत) या सामान्य (आर्थिक रूप से कमजोर) श्रेणी में होना चाहिए। इसके अलावे लाभार्थी को मोटर वाहन अधिनियम और अन्य प्रभावी नियमों के तहत ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की पात्रता होनी चाहिए। कहा कि इस योजना में सबसे पहले महिला लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। जो चयन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा। आगे कहा कि इसके लिए नोडल अधिकारी के नाम प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन करना होगा। आवेदन संबंधित ग्राम पंचायत के मुखिया द्वारा अनुशंसित होना चाहिए की आवेदक उनके पंचायत का निवासी है। इस संबंध में रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक कल्याणजी प्रसाद ने कहा कि सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की यह पहल युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। एलएमवी मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण से न केवल क्षेत्र के युवाओं को आजीविका के अवसर मिलेंगे, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूकता बढ़ेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


