लायन हार्ट जेएच यूट्यूब हरली के बैनर तले पहली बार बूढ़ी कांवड़ यात्रा का आयोजन
हर तरफ से लोगो ने इस पहल का किया स्वागत
रजरप्पा से प्रिंस वर्मा
सावन महीना के पवित्र अवसर पर बड़कागांव प्रखंड के युवाओं ने अनोखी पहल कर समाज को प्रेरणादाई संदेश दिया है। लायन हार्ट जेएच यूट्यूब हरली के बैनर तले पहली बार बूढ़ी कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा से बड़कागांव स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर (लगभग 95 किमी) तक पैदल निकाली जा रही है। जिसमें कुछ युवा (70 वर्षीय) वृद्ध दादी फूलमती देवी को कांवड़ में बैठाकर पैदल ही बुढ़वा महादेव पहुंचेंगे। जहां वे सोमवार को जलाभिषेक करेंगे।
जानिए क्या हैं उद्देश्य
आयोजन का उद्देश्य आज के बदलते समाज में बुजुर्गों के प्रति घटते सम्मान और सेवा भाव पर लोगों का ध्यान आकर्षित करना है। कांवड़ यात्रा में अरुण कुमार, संदीप कुशवाहा, रंजन कुमार, दीपेश कुमार, उदय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, चंदन कुमार, अरविंद कुमार, शेखर कुमार, रौनक कुमार, उज्ज्वल कुमार, लालन कुमार, परवीन कुमार समेत कई युवा शामिल हैं। यह यात्रा रजरप्पा मंदिर से शुक्रवार शाम को शुरू हुई है, जो आगामी सोमवारी को बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचेगी। समाज में सेवा, श्रद्धा और संस्कृति को पुनर्जीवित करने की यह पहल लोगों को अत्यंत प्रेरित कर रही है। स्थानीय लोगों द्वारा इस पहल की सराहना की जा रही है।


