सीतामढ़ी। अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सीतामढ़ी में बनने वाले माता जानकी मंदिर के निर्माण पर एक हजार करोड़ खर्च होंगे। पुनौराधाम को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तरह विकसित किया जाएगा। इसके डिजाइन कंसल्टेंट के रूप में नोएडा की कंपनी मेसर्स डिजाइन एसोसिएटस इनकॉरपोरेटेडस का चयन किया गया है। पर्यटन विभाग के सूत्रों के अनुसार, निर्माणकर्ता एजेंसी की ओर से डिजाइन विकसित किए जाने के बाद अब इस क्षेत्र के विकास के लिए ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष इस ड्राफ्ट का प्रजेंटेशन एजेंसी की ओर से जल्द ही किया जाएगा। विभाग के अनुसार, इसके लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू है और इसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। भू-अर्जन के लिए 120 करोड़ रुपये पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया कि मां जानकी मंदिर में एक साथ हजारों श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे। श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सीतामढ़ी में भव्य जानकी मंदिर में भी पार्किंग और धर्मशाला इत्यादि का निर्माण किया जाएगा। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग से लेकर मंदिर परिसर तक पहुंचने के इंतजामों को सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहतर बनाया जाएगा। विभाग के अनुसार श्रीजानकी जन्म भूमि पुनौरा धाम मंदिर न्यास समिति का गठन हो जाने के बाद मां जानकी मंदिर के निर्माण कार्य में तेजी आएगी। न्यास समिति के अध्यक्ष बिहार के मुख्य सचिव एवं उपाध्यक्ष विकास आयुक्त बनाए गए हैं। इन दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में 9 सदस्यीय समिति का गठन हुआ है। यह समिति क्रियाशील भी हो चुकी है। वहीं, मां जानकी मंदिर के निर्माण के लिए मंदिर परिसर में पहले से ही बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के नियंत्रण में स्थित 17 एकड़ भूमि उपलब्ध है। इस स्थल के समग्र विकास के लिए 50 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


