
सीपीआर का प्रशिक्षण लेकर रामगढ़ का 70 प्रतिशत घर हो सकता है सुरक्षित : डीसी
रामगढ़। आज हमारे समाज में हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट और इमरजेंसी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इस इमरजेंसी में आम नागरिक हमेशा अस्पताल और मेडिकल सेंटर का आश्रय लेते हैं। लेकिन मरीज को 20 मिनट के गोल्डन आवर में फर्स्ट एड की जरूरत होती है। जिससे उसकी जान बच सकती है।
70 फ़ीसदी घर बड़ी आसानी से मेडिकल इमरजेंसी के दौरान सुरक्षित हो सकते हैं
यही वह समय है जिसमें आपदा मित्र की जरूरत पड़ेगी। इसी उद्देश्य से जिले में फर्स्ट एड को लेकर आम लोक नागरिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उक्त बातें शुक्रवार को रामगढ़ टाउन हॉल में आयोजित फर्स्ट एड ट्रेंनिंग के दौरान डीसी फ़ैज अक अहमद मुमताज ने कही। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सीपीआर के बारे में ना सिर्फ पता होना चाहिए, बल्कि सीपीआर कैसे दिया जाता है, इसकी ट्रेनिंग भी उन्हें मिलनी चाहिए। इस प्रयास से रामगढ़ जिले के 70 फ़ीसदी घर बड़ी आसानी से मेडिकल इमरजेंसी के दौरान सुरक्षित हो सकते हैं। आपदा मित्र का प्रशिक्षण इसीलिए दिया जा रहा है ताकि आम जनों और विद्यार्थियों को आपदा मित्र के रूप में प्रस्तुत किया जा सके। यह सभी आपदा मित्र गांव-गांव जाकर सुरक्षा प्रहरी का निर्माण करेंगे, जिससे गांव से लेकर शहर तक लोग फर्स्ट एड की ना सिर्फ जानकारी रखेंगे, बल्कि वे पीड़ितों को राहत भी पहुंचाएंगे।
2500 आपदा मित्र का शुरू हुआ प्रशिक्षण
टाउन हॉल में 2500 आपदा मित्र का प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो गया है। पहले दिन 300 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। अगले 10 दिनों में ढाई हजार लोगों को प्रशिक्षित कर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में रामगढ़ एसपी अजय कुमार, डॉक्टर हिना शादिया के अलावा रामगढ़ सदर अस्पताल जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज डॉ उदय श्रीवास्तव के चिकित्सक भी शामिल हुए। डीसी फ़ैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि इस प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर, बर्निंग और ब्लीडिंग को लेकर भी उनको प्रशिक्षित किया जाएगा। सबसे ज्यादा तकनीकी ज्ञान सीपीआर को लेकर ही लोगों को दिया जाना है। यह बेहद जरूरी है कि लोग जाने की किसी मरीज को सीपीआर की जरूरत कब पड़ सकती है। किसी भी व्यक्ति को खेतों में काम करते हुए, घरों में, कार्यालय में, सड़कों पर, किसी कार्यक्रम के दौरान, नदी और तालाब में नहाने के दौरान, दुर्घटना के दौरान हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। घटना के 15 से 20 मिनट के अंदर अगर उस मरीज को सीपीआर मिल जाए तो उसकी जान बच सकती है। यह कभी भी किसी के घर और परिवार वालों के साथ हो सकता है। मेडिकल आंकड़ों के अनुसार 70 फ़ीसदी हादसे घरों में ही होते हैं। अगर सीपीआर का ज्ञान ना हो तो लोग अस्पतालों का चक्कर लगाते हैं, जिससे वे अपनों का साथ खो देते हैं।
जब सांस और पल्स बंद हो तब दे सीपीआर
प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि जब किसी व्यक्ति की सांस बंद हो जाए और उसका पल्स भी खत्म हो जाए, तब उस मरीज को सीपीआर की जरूरत पड़ती है। सीपीआर के दौरान मरीज की छाती की हड्डी भी टूट सकती है, लेकिन यह प्रक्रिया दोहराना बेहद आवश्यक है, तभी उसकी जान बच सकती है। लेकिन जिस व्यक्ति को जरूरत ना हो तब सीपीआर देने से उसे परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है। प्रशिक्षण के दौरान 300 मास्टर ट्रेनरों को चिकित्सकों ने इस अंतर के बारे में ना सिर्फ समझाया, बल्कि डमी पुतले के साथ उन्हें सीपीआर देने का पूरा प्रशिक्षण दिया।
2 लाख आपका मित्र करने की तैयारी हुई शुरू
डीसी फ़ैज अक अहमद मुमताज ने बताया कि रामगढ़ जिले में 2 लाख आपदा मित्र तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। अगर यह टीम तैयार हो जाती है तो जिले की 70 फ़ीसदी आबादी सुरक्षित हो जाएगी। आज के समय में मेडिकल इमरजेंसी कभी भी हो सकती है। लेकिन अगर आम नागरिकों को फर्स्ट एड देना आता हो तो लोग अपने परिजनों और करीबियों को मौत के मुंह से खींच कर ला सकते हैं। फर्स्ट एड में हुई देरी आपके करीबियों को आपसे हमेशा के लिए दूर भी कर सकता है।


